केजरीवाल सरकार दिल्ली को वैश्विक पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है- जस्मिन शाह

दैनिक समाचार
  • दिल्ली को स्वच्छ, रहने योग्य, न्यायसंगत और 24×7 शहर में बदलना केजरीवाल सरकार की प्राथमिकता- जस्मिन शाह
  • विश्व स्तर पर सराहा गया केजरीवाल गवर्नेंस मॉडल दिल्ली को एक पर्यटक आकर्षण के रूप में विकसित कर सकता है- जैस्मीन शाह
  • डीडीसी के उपाध्यक्ष जस्मिन शाह ने सीआईआई द्वारा आयोजित चौथे दिल्ली पर्यटन ई-कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया

नई दिल्ली, 09 मार्च, 2022

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित दिल्ली पर्यटन ई-कॉन्क्लेव के चौथे संस्करण के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि डीडीसी के उपाध्यक्ष जस्मिन शाह शामिल हुए। इस दौरान जस्मिन शाह ने दिल्ली में आर्थिक विकास को गति देने में पर्यटन उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार दिल्ली को दुनिया की शीर्ष पर्यटन राजधानियों में से एक के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जस्मिन शाह ने कहा कि दिल्ली समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक विविधता वाला एकमात्र भारतीय शहर है जो कि 2021 के विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ शहरों में 62 वें स्थान पर रहा है। दिल्ली में कई विशेषताएं हैं जो पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। जिसमें पार्क, झीलें, जल निकाय, विविध संस्कृतियां, भाषाएं, व्यंजनों और विश्व स्तरीय इंट्रा-सिटी कनेक्टिविटी शामिल हैं। इन विशेषताओं के आधार पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को शीर्ष वैश्विक शहरों में से एक के रूप में विकसित करने के लिए 2047 के अपने दृष्टिकोण की घोषणा की है। जिसमें उद्योग सहित सभी के सहयोग और विशेषज्ञता की आवश्यकता है। डीडीसी और केजरीवाल सरकार विभिन्न विभागों में इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य की दिशा में अल्पकालिक, मध्य अवधि और दीर्घकालिक उपायों को लगातार कार्यान्वित कर रही है।

जस्मिन शाह ने दिल्ली को दुनिया की शीर्ष पर्यटक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए सरकार के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों से अवगत कराया। उन्होंने देखा है कि दशकों से दिल्ली में गंदगी और लैंडफिल साइट एक ब्लैक स्पॉट रहा है। पहला कदम दिल्ली को एक स्वच्छ शहर में बदलना होगा। दूसरा केजरीवाल सरकार दिल्ली को 24×7 शहर बनाने की कल्पना करती है। इस संबंध में, सरकार ने होटल और रेस्तरां उद्योग से जुड़े लोगों की चिंताओं को समझने के लिए बातचीत की है। इसके अलावा उद्योग विभाग ने 464 नियमों में ढील देकर प्रक्रिया को आसान बनाया है। तीसरा, पर्यटन स्थल विकसित करने का एक महत्वपूर्ण स्तंभ शहर को रहने योग्य बनाना है। इसके लिए दिल्ली सरकार ने थर्मल विद्युत संयंत्रों को बंद करने और उद्योगों को पीएनजी पर स्विच करने के लिए अनिवार्य किया है। साथ ही वायु प्रदूषण को कम से कम करने और भारत की इलेक्ट्रिक वाहन राजधानी बनाने की दिशा में प्रगतिशील इलेक्ट्रिक वाहन नीति लागू की है। सबसे महत्वपूर्ण, दिल्ली के निवासियों की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि की योजना बनाई है। इस संबंध में पर्यटन केंद्रीय भूमिका निभाएगा।

डीडीसी उपाध्यक्ष ने दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार की कुछ प्रमुख पहलों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सितंबर में लॉन्च की गई ‘देखो मेरी दिल्ली’ (दिल्ली टूरिज्म ऐप) को दुनिया भर में डाउनलोड किया गया है। इसके अलावा दिल्ली फिल्म नीति लागू की गई है। दिल्ली सरकार द्वारा बाबा साहब द ग्रांड म्यूजिकल आयोजित किया जा रहा है। डॉ. बीआर अंबेडकर के जीवन पर आधारित एक भव्य संगीत थिएटर को आम जनता के लिए सुलभ बनाने की अग्रणी पहल है। इसके लॉन्च के बाद से हर दिन 30 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई है।

दिल्ली में पर्यटन के भविष्य के लिए व्यापक नीतिगत पहलों को साझा करते हुए जस्मिन शाह ने कहा कि दिल्ली में स्ट्रीट फूड राजधानी बनने की क्षमता है। दिल्ली सरकार होटल, रेस्तरां, कैफे और बीएंडबी उद्योगों पर नियमों के बोझ को कम करने की दिशा में काम कर रही है। दिल्ली वैश्विक शॉपिंग राजधानी के रूप में भी उभर सकती है। दिल्ली सरकार 500 से अधिक झीलों और जल निकायों को पुनर्जीवित कर रही है। विश्व स्तरीय 1 हजार से अधिक पार्क विकसित कर रही है। इन स्थानों को सभी सार्वजनिक सुविधाओं के साथ डिजाइन किया जा रहा है।

जस्मिन शाह ने दिल्ली में पर्यटन के संबंध में केपीएमजी द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही दिल्ली को शीर्ष वैश्विक पर्यटन राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए सीआईआई और सदस्यों के साथ मिलकर काम करने की रुचि व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *